राजस्थान 210 गांवों की किस्मत चमकी! अब BDA में शामिल होकर विकास की दौड़ में आगे बढ़ेंगे, मंत्री झाबर सिंह का बड़ा एलान
aapkarajasthan March 15, 2025 08:42 PM

भरतपुर न्यूज़ डेस्क - नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि भरतपुर विकास प्राधिकरण से शहर के सुनियोजित, व्यवस्थित और योजनाबद्ध विकास को गति मिलेगी। हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भरतपुर आबादी की दृष्टि से बड़ा शहर है। पिछले कुछ वर्षों में शहर और आसपास का क्षेत्र तेजी से आबाद हो रहा है। इसलिए अब प्राधिकरण का गठन किया गया है। इससे क्षेत्र में आवास, सामुदायिक सुविधाएं और आधारभूत संरचना की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी। आम जनता को उच्च गुणवत्ता वाली लोक सेवाएं मिल सकेंगी। 

झाबर सिंह खर्रा बुधवार को विधानसभा में भरतपुर विकास प्राधिकरण विधेयक 2025 पर चर्चा के बाद जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में तेजी से विकास होने के कारण रियल एस्टेट में तेजी से निवेश हुआ है। इसे देखते हुए बड़े शहरों में त्वरित विकास की जरूरत महसूस की गई है। नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि पहले नगर विकास न्यास का क्षेत्र 53 राजस्व गांवों (18 हजार 960.95 हेक्टेयर भूमि) तक था। 

अब प्राधिकरण में भरतपुर शहर, तहसील भरतपुर, कुहेर व रारह के 210 गांव शामिल हो गए हैं। इनका क्षेत्रफल 53 हजार 205.58 हेक्टेयर है। उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण में अध्यक्ष सहित 16 सदस्य होंगे। खर्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट 2024-25 में भरतपुर विकास प्राधिकरण बनाने की घोषणा की थी। इसकी अनुपालना में अध्यादेश लाकर अधिसूचना जारी कर प्राधिकरण का गठन किया गया है। इससे पहले खर्रा ने विधेयक सदन में पेश किया। विधेयक को आमजन की राय जानने के लिए सदन में प्रसारित करने के प्रस्ताव को खारिज करते हुए ध्वनिमत से विधेयक पारित कर दिया गया।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.