'आओ Insta रील बनाते हैं…', दोस्त को मिलने बुलाया, फिर चाकुओं से गोदकर मार डाला, इस बात का लेना था बदला
TV9 Bharatvarsh March 22, 2026 04:43 PM

बिहार के खगड़िया जिले में से एक युवक की हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर पंचायत में रील बनाने के बहाने से घर के बाहर बुलाकर दो नाबालिग दोस्तों ने अपने ही दोस्त के हाथ-पैर बांधकर हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुरानी रंजिश के कारण दोनों दोस्तों ने पहले युवक को बहियार बुलाया फिर हाथ पैर बांध दिए. इसके बाद कई बार चाकू से वार कर हत्या कर दी. शव को बहियार में ही छुपा दिया.

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते उसके दोस्तों ने ही बदला लेने की नियत से इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया. वहीं पुलिस ने घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. दोनों 8वीं और 9वीं क्लास के छात्र हैं. दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है.

पुरानी रंजिश में की हत्या

दरअसल, बीते 19 मार्च की शाम हिमांशु स्कूल से लौटने के बाद घर के बाहर खेल रहा था. इसके बाद वह लापता हो गया. देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसकी मां ने बेलदौर थाना में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई. काफी खोजबीन के बाद गांव के ही पास के बहियार से मृतक का शव बरामद किया गया. वहीं शव पर कई गंभीर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे. लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक चोरी के एक मामले हिमांशु द्वारा दी गई जानकारी पर उसके दोनों दोस्त पकड़े गए थे. इसके बाद पंचायत में दोनों को दंडित किया गया था. इससे उसके दोनों दोस्त नाराज हो गए थे.

रील बनाने के बहाने से बुलाया था

वहीं इसके कुछ दिन बाद ही हिमांशु की हत्या हो गई. तीनों सोशल मीडिया पर अक्सर रील बनाकर डालते थे. रील बनाने के बहाने उसे बहियार बुलाया और उसकी हत्या कर दी. इसका खुलासा उसके दोस्तों ने ही पुलिस पूछताछ में किया. पुलिस ने बहियार से हत्या में प्रयुक्त चाकू, हाथ का कड़ा, मोबाइल के साथ ही कई सामान बरामद किए हैं. मृतक के शरीर और गर्दन पर कई जख्म के निशान हैं. इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिग दोस्तों से पूछताछ की तो दोनों ने सच उगल दिया. वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है. इसके बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.