EC Orders Re-Polling At 15 Booths In West Bengal : पश्चिम बंगाल में 15 पोलिंग बूथों पर फिर से होगी वोटिंग, गड़बड़ी की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग का फैसला
Newsroompost-Hindi May 01, 2026 11:43 PM

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में 15 पोलिंग बूथों में फिर से वोटिंग होगी। इन मतदान केंद्रों में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं। विशेष चुनाव पर्यवेक्षक की सिफारिश के बाद चुनाव आयोग ने वहां री-पोलिंग कराने का फैसला किया है। चुनाव आयोग के अनुसार मगराहाट पश्चिम के 11 पोलिंग बूथों और डायमंड हार्बर के चार पोलिंग बूथों पर कल यानी शनिवार 2 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इन सभी पोलिंग बूथ पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। मगराहाट पश्चिम में बूथ नंबर 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231, 232 पर और डायमंड हार्बर में बूथ संख्या 117, 179, 194, 243 पर री-पोलिंग होगी।

77 पोलिंग बूथों पर गड़बड़ी की शिकायत के साथ फिर से वोटिंग कराने की मांग की गई है हालांकि अभी सिर्फ 15 बूथों पर ही री-पोलिंग का आदेश जारी किया गया है। निर्वाचन आयोग ने जांच के बाद जिन पोलिंग स्टेशनों पर गड़बड़ी पाई वहां वोटिंग को रिप्रेजेंटेशन ऑफ द पीपल एक्ट, 1951 के सेक्शन 58(2) के तहत रद्द कर दिया है। आपको बता दें कि 29 अप्रैल को वोटिंग के दौरान दक्षिण 24 परगना के फाल्टा विधानसभा के बूथ पर ईवीएम में बीजेपी के चुनाव चिन्ह पर टेप लगाए जाने का मामला भी सामने आया था और इस संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत भी की गई थी।

चुनाव आयोग ने कहा था कि इसकी जांच कराई जाएगी और अगर आरोप सही पाए गए तो दोबारा वोटिंग होगी। हालांकि यहां के लिए अभी चुनाव आयोग की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। बता दें कि इस बार दोनों चरणों में रिकॉर्ड वोटिंग प्रतिशत दर्ज किया गया है। लगभग सभी एग्जिट पोल्स में इस बार बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि मुख्यमंत्री बनर्जी ने एग्जिट पोल्स को खारिज करते हुए दावा किया है कि उनकी पार्टी टीएमसी 226 से ज्यादा सीटें जीतेगी।

 

The post EC Orders Re-Polling At 15 Booths In West Bengal : पश्चिम बंगाल में 15 पोलिंग बूथों पर फिर से होगी वोटिंग, गड़बड़ी की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग का फैसला appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.