जबलपुर हादसे के बाद मरने वालों की ऐसी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर उन्हें अंदाजा ही नहीं था कि कुछ ही पलों में वे मौत के गाल में समा जाएंगे। म्यूजिक मस्ती और लहरों के साथ अठखेलियां करते भीगते हुए अचानक मौत आ गई और 9 लोगों की जानें चली गईं।
बता दें कि मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम क्रूज डूबने से ठीक पहले के दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में क्रूज के अंदर का नजारा दिख रहा है, जिसमें टूरिस्ट म्यूजिक और मस्ती में डूबे नजर आ रहे हैं। इसमें दिख रहा है कि क्रूज में मौजूद ज्यादातर लोगों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी है।
दूसरे वीडियो में मौसम का खतरनाक रूप दिखाई दे रहा है। तेज हवा, आंधी और ऊंची उठती लहरें क्रूज के अंदर तक घुस रही थीं। हालात बिगड़ते नजर आ रहे थे, लेकिन इसके बावजूद क्रूज को किनारे लाने की कोशिश नहीं की गई। जो लोग बच गए उनका कहना है कि जब लहरें उठीं तो चालक को कहा गया कि वो क्रूज को रोक लें, लेकिन उसने एक न सुनी। हालांकि कुछ ही देर में लहरों ने क्रूज को अपनी चपेट में ले लिया था।
क्या कहा बच गए पर्यटकों ने : हादसे में जो पर्यटक बच गए उन्होंने मीडिया को बताया कि मौसम खराब होने के बावजूद कैप्टन ने क्रूज को किनारे लगाने का फैसला नहीं लिया। हवा और लहरें लगातार तेज होती जा रही थीं, लेकिन क्रूज आगे बढ़ता रहा। उसे कहा भी गया कि आगे मत जाओ, लेकिन उसने नहीं रोका। कुछ ही सेकंड्स में क्रूज अनियंत्रित हुआ और देखते ही देखते बरगी डैम के गहरे पानी में समा गया।
अब तक 9 के शव मिले : जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटन विभाग के क्रूज के पलटने और डूबने की घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अब कई लोग लापता है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त क्रूज में 40-45 लोग मौजूद थे। वहीं घटना स्थल पर अब भी रेसक्यू ऑपरेशन जारी है और लापता लोगों को तलाशने की कोशिश जारी है। क्रूज को रस्सियों के सहारे किनारे लाया जा चुका है।
हादसे के बाद जांच के आदेश : वहीं बरगी हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग पूरे मामले की जांच करेगा। वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंचे प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि पूरे प्रदेश में क्रूच संचालन पर रोक लगा दी गई है।
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि विभाग को जांच के आदेश दिए हैं अगर कोई भी लापरवाही पाई जाती है तो कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। जितने क्रूज चल रहे हैं उनका पहले परीक्षण किया जाए, सेफ होने पर ही संचालन किया जाएगा।
वहीं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस हादसे में दिवंगत नागरिकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रभावित व्यक्तियों और परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
Edited By: Naveen R Rangiyal