अब इस राज्य की महिलाएं भी कर सकेंगी बस में फ्री यात्रा, सरकार खर्च करेगी 800 करोड़
TV9 Bharatvarsh June 10, 2026 05:43 PM

केरल सरकार ने महिलाओं के लिए एक बड़ी सुविधा देने का फैसला किया है. राज्य में 15 जून से महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. यह सुविधा ‘प्रियदर्शिनी’ योजना के तहत शुरू की जा रही है. कैबिनेट ने बुधवार को हुई बैठक में इस योजना को मंजूरी दी है. इसके बाद मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने इस फैसले की जानकारी दी.

इस योजना का लाभ सभी महिलाओं को मिलेगा. इसके लिए उम्र या आय जैसी कोई सीमा नहीं है. यानी हर वर्ग की महिला इस सुविधा का फायदा उठा सकेगी. शुरुआत में यह मुफ्त यात्रा सुविधा केवल केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की साधारण बस सेवाओं में उपलब्ध होगी. इन बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को किराया नहीं देना पड़ेगा.

सरकार पर आएगा इतना बोझ

सरकार के अनुसार, इस योजना को लागू करने पर KSRTC को हर महीने 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च उठाना पड़ सकता है. पूरे साल में यह खर्च लगभग 800 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल यह सुविधा केवल साधारण बसों तक सीमित रहेगी. भविष्य में अगर KSRTC की आर्थिक स्थिति बेहतर होती है और उसकी आय बढ़ती है, तो इस योजना को अन्य प्रकार की बस सेवाओं तक भी बढ़ाया जा सकता है.

महिलाओं को होगा ये फायदा

सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं की यात्रा का खर्च कम होगा और उन्हें शिक्षा, नौकरी, व्यापार और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में राहत मिलेगी. खासकर ग्रामीण और कम आय वाले परिवारों की महिलाओं को इसका सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है. यह योजना राज्य सरकार की ‘इंदिरा गारंटी’ कल्याणकारी योजनाओं का हिस्सा है. सरकार का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनकी सार्वजनिक परिवहन तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.