श्रेयस अय्यर के नाम दर्ज शर्मनाक रिकॉर्ड, जानिए कप्तान ने किस पर फोड़ा हार का ठीकरा
शिवम July 06, 2026 12:12 AM

श्रेयस अय्यर ने कहा कि मुझे पता है हम कहां पिछड़े, हालांकि उन्होंने कहा कि वह किसी एक खिलाड़ी को निशाना नहीं बनाएंगे. उन्होंने रवि बिश्नोई के 17वें ओवर को टर्निंग पॉइंट बताया और कहा कि उम्मीद है वह अच्छी वापसी करेंगे. बता दें कि बतौर कप्तान अय्यर अपनी पहली जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं, इंग्लैंड ने दूसरे टी20 में भारत को 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई. पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.

191 रनों का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत खराब हुई थी, अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में दोनों ओपनर्स (फिल साल्ट और जोस बटलर) को शून्य पर आउट कर दिया था. लेकिन फिर हैरी ब्रूक (39), जैकब बेथेल (76), टॉम बैंटन (39) की पारियों ने भारत से मैच छीन लिया. हालांकि 16 ओवरों के बाद इंग्लैंड को 49 रन चाहिए थे, आस्किंग रन रेट लगभग 12 का था. रवि बिश्नोई ने 17वें ओवर में 29 रन लुटाकर मैच इंग्लैंड की झोली में डाल दिया. श्रेयस अय्यर ने भी इसे टर्निंग पॉइंट बताया.

क्या बोले श्रेयस अय्यर

अय्यर ने मैच के बाद कहा, "मुझे पता है कि हम कहां पिछड़े, लेकिन मैं किसी एक खिलाड़ी का नाम नहीं लूंगा. 15 ओवरों के बाद मोमेंटम चला गया." रवि बिश्नोई के उस ओवर को लेकर उन्होंने कहा, "वो नो बॉल, मुझे लगता है वो अच्छी वापसी करेंगे. फिर 17वें ओवर में मैच हाथ से निकल गया, उन्हें इससे सीख लेनी होगी और ये स्कोर (190) इस पिच पर अच्छा था." कप्तान ने तिलक वर्मा की तारीफ की, जिन्होंने अंतिम ओवरों में 11 गेंदों में 24 रनों की शानदार पारी खेली.

यह भी पढ़ें- 2026 टी20 वर्ल्ड कप की प्राइज मनी उड़ा देगी होश, भारत और पाकिस्तान को मिलेगी इतनी रकम

श्रेयस अय्यर ने आगे कहा, "जैकब बेथेल ने जिस तरह से गेंदबाजों को खेला, उसकी तारीफ बनती है. मुझे लगता है कि सैम करन ने शुरुआत में ही मैदान के डाइमेंशन्स को समझ लिया था और हमारे बाएं हाथ के बल्लेबाजों को शॉट के लिए रूम नहीं दिया." वैभव सूर्यवंशी के बारे में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उनमें वह बेबाक अंदाज है. उन्हें खेलते देखना वाकई शानदार है. मुझे नहीं लगा था कि वह नर्वस होंगे. पिछले कुछ महीनों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने वाकई मौके के हिसाब से बेहतरीन खेल दिखाया, जो देखने में बहुत अच्छा लगा."

कप्तान के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड

टीम इंडिया के लिए 12 कप्तानों ने 3 से ज्यादा मैचों में कप्तानी की है, उनमें से श्रेयस अय्यर ही हैं जो अपने शुरूआती 4 मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं. उनकी कप्तानी में भारत आयरलैंड में 2 मैच हारा, इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच रद्द हुआ और दूसरे मैच में हार मिली.

यह भी पढ़ें- टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा पिटने वाले बॉलर्स, अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.