भारत की पकड़ में था मैच, फिर रवि बिश्नोई ने 1 ओवर में लुटा दिए इतने रन; जीत गई इंग्लैंड
शिवम July 06, 2026 12:12 AM

इंग्लैंड ने दूसरे टी20 में भारत को 4 विकेट से हराया, लक्ष्य का पीछा करते हुए जैकब बेथेल ने 76 रनों की शानदार पारी खेली. हालांकि इंग्लैंड की शुरुआत बहुत खराब हुई थी, अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में दोनों ओपनर्स फिल साल्ट और जोस बटलर को शून्य पर पवेलियन भेज दिया था, लेकिन मिडिल ओवरों में भारतीय गेंदबाज असफल रहे. हालांकि 16 ओवरों के बाद टीम इंडिया का पलड़ा भारी लग रहा था, लेकिन 17वें ओवर में आए रवि बिश्नोई ने इतने रन लुटा दिए कि मैच पूरी तरह मेजबान की पकड़ में आ गया.

श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने की सबसे बड़ी गलती की, जबकि ओवरकास्ट कंडीशन और पिच को देखते हुए यहां पहले गेंदबाजी करना चाहिए था. वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में डेब्यू किया, उन्होंने जोफ्रा आर्चर के सामने उनकी पहली गेंद पर छक्का जड़ा, हालांकि वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए. वैभव ने 10 गेंदों में 14 रन बनाए, उन्हें स्पिनर विल जैक ने फंसाया. इससे पहले अभिषेक शर्मा तेज तर्रार अंदाज में खेल रहे थे. अभिषेक ने 24 गेंदों में 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली.

ईशान किशन ने 40 गेंदों में 49 और श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों में 37 रन बनाए. अंत में तिलक वर्मा ने 11 गेंदों में 24 रन बनाए. भारत ने इंग्लैंड के सामने 191 रनों का लक्ष्य रखा था.

यह भी पढ़ें- 2026 टी20 वर्ल्ड कप की प्राइज मनी उड़ा देगी होश, भारत और पाकिस्तान को मिलेगी इतनी रकम

17वें ओवर में लुटाए 29 रन

191 रनों को डिफेंड करते हुए अर्शदीप सिंह ने शानदार शुरुआत दिलाई, उन्होंने पहले ही ओवर में फिल साल्ट और जोस बटलर को शून्य पर चलता किया. लगा था कि अब भारत आसानी से जीत जाएगी, लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक 15 गेंदों में 39 रनों की पारी खेलकर इंग्लैंड को गेम में लेकर आए. इसके बाद जेकब बेथेल और टॉम बैंटन के बीच 67 रनों की साझेदारी हुई. मिडिल ओवरों में भारत की गेंदबाजी खराब रही, हालांकि 16 ओवरों के बाद इंग्लैंड का स्कोर 142/5 था, उन्हें जीत के लिए 24 गेंदों में 49 रन चाहिए थे.

17वें ओवर में रवि बिश्नोई ने 29 रन लुटाए, इस ओवर में उन्होंने 2 नो बॉल डाली. 3 छक्के खाए, यहां से पूरा मैच इंग्लैंड की पकड़ में आ गया. इस ओवर की समाप्ति के बाद इंग्लैंड को 18 गेंदों में 20 रन चाहिए थे. इस ओवर से पहले आस्किंग रन रेट 12 से ऊपर का था, जो ओवर खत्म होने के बाद लगभग 6 रन गया.

यह भी पढ़ें- एक बार फिर पाकिस्तान के कप्तान बनने जा रहे बाबर आजम, PCB चीफ ने दी हरी झंडी; पढ़ें रिपोर्ट

रवि बिश्नोई ने अपने 4 ओवरों में 60 रन लुटाए, उनके खाते में कोई विकेट नहीं था. अक्षर पटेल सबसे किफायती रहे, उन्होंने 4 ओवरों में 20 रन दिए. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवरों में 40 रन दिए और 3 विकेट लिए. हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती के नाम 1-1 विकेट रहा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.