Who Is Harmanveer Singh In Hindi? : कौन है हरमनवीर सिंह जिसको तलाश रही है अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई, जानिए क्या है आरोप?
Newsroompost-Hindi July 21, 2026 05:42 PM

नई दिल्ली। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई को भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह की तलाश है। एफबीआई की ओर से उसकी फोटो जारी कर उसको पकड़ने में सहयोग देने की अपील लोगों से की गई है। जिसके बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर हरमनवीर सिंह कौन है और किस आरोप में एफबीआई ने इसका नाम अपनी मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल किया है? दरअसल एफबीआई के मुताबिक हरमनवीर सिंह पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है और अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के बीच कोकीन तथा मेथामफेटामाइन की तस्करी में शामिल रहा है।

एफबीआई के अनुसार, ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने के गंभीर आरोपों के चलते इसी साल 23 जून 2026 को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया (लॉस एंजिलिस) ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उसी के बाद से एफबीआई ने हरमनवीर सिंह का नाम मोस्ट वॉन्टेड की सूची की शामिल कर लिया था। यह भी आरोप है कि हरमनवीर सिंह रविंदर ढांडा ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से भी जुड़ा हुआ है। रविंदर ढांडा ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप कनाडा के बेंकूवर से संचालित होता है और बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी करता है।

एफबीआई के अनुसार, अमेरिका, कनाडा और यूरोप की प्रवर्तन एजेंसियों ने जुलाई में ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया था और कई जगहों पर छापेमारी कर कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। उसमें कुछ आरोपी भागने में कामयाब हो गए थे जिनमें से एक हरमनवीर सिंह भी है। हालांकि हरमनवीर सिंह पर फिलहाल आरोप ही लगे हैं, गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में मुकदमा चलेगा और फिर यह साबित होगा कि वो दोषी है या नहीं। अगर हरमनवीर सिंह पर आरोप साबित हो जाते हैं तो उसे कई साल जेल में काटने पड़ सकते हैं। फिलहाल एफबीआई उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

The post Who Is Harmanveer Singh In Hindi? : कौन है हरमनवीर सिंह जिसको तलाश रही है अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई, जानिए क्या है आरोप? appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.