दिल्ली के मेट्रो यात्री ध्यान दें! राजीव चौक समेत 4 प्रमुख मेट्रो स्टेशन बंद, CJP प्रदर्शन के बीच DMRC का फैसला
Navjivan Hindi July 22, 2026 04:43 PM

दिल्ली में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। DMRC ने बताया कि इन स्टेशनों पर फिलहाल यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी, हालांकि राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी।

DMRC ने क्या कहा?

DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी सूचना में कहा कि सुरक्षा कारणों से चारों मेट्रो स्टेशन अगली सूचना तक बंद रहेंगे। हालांकि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है, ताकि अलग-अलग मेट्रो लाइनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।

सोमवार को भी बंद रहे थे कई स्टेशन

इससे पहले सोमवार को भी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध मार्च से पहले एहतियातन दिल्ली के मध्य हिस्से के पांच प्रमुख मेट्रो स्टेशन, राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ, दिन के ज्यादातर समय तक बंद रखे गए थे। बाद में स्थिति सामान्य होने पर इन स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोल दिया गया था। इसी दौरान तकनीकी खराबी की वजह से दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन पर भी कुछ समय के लिए सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जिन्हें बाद में बहाल कर दिया गया।

CJP प्रदर्शन के बाद पुलिस की कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में अब तक 10 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान हुई विभिन्न घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर नई दिल्ली जिले के अलग-अलग इलाकों में ये मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें चार एफआईआर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना और तीन एफआईआर कनॉट प्लेस थाना में दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.