कोई मुझे न बताए हमें क्या बेचना है और क्या नहीं… नेतन्याहू की आपत्ति पर बोले राष्ट्रपति ट्रंप
TV9 Bharatvarsh July 28, 2026 02:43 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी बेबाकी और बेअंदाजी के लिए दुनियाभर में जाने जाते हैं. ट्रंप ने कल सोमवार को तुर्की को अमेरिकी F-35 फाइटर जेट बेचने के मामले में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के विरोध को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि कोई भी बाहरी नेता अमेरिका की हथियारों की बिक्री पर असर नहीं डालता है. साथ ही यह भी कहा कि कोई मुझे यह नहीं बताए कि हमें क्या बेचना चाहिए और क्या नहीं.

‘एयर फोर्स वन’ में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने तुर्की को हथियार दिए जाने पर इजराइली पीएम नेतन्याहू की चिंताओं को खारिज किया और तुर्की को एक अमेरिका का “बेहतरीन सहयोगी” करार दिया. ट्रंप ने कहा, “कोई मुझे यह नहीं बताए कि हमें क्या बेचना चाहिए. तुर्की मेरे लिए हमेशा से एक बेहतरीन सहयोगी रहा है.”

बातचीत के लिए वाशिंगटन पहुंचे नेतन्याहू

राष्ट्रपति ट्रंप की यह टिप्पणी तब आई है, जब नेतन्याहू कल सोमवार को ट्रंप के साथ हाई लेवल स्तरीय बातचीत के लिए वाशिंगटन पहुंचे. दोनों देशों के प्रमुखों के बीच बातचीत में क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान के साथ जारी संघर्ष मुख्य एजेंडा शामिल रहेगा. अखबार CNN की रिपोर्ट के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में पीएम नेतन्याहू ने तुर्की को अमेरिकी F-35 स्टील्थ फाइटर जेट बेचने की संभावना का कड़ा विरोध जताया था. यही नहीं उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि ऐसा कदम क्षेत्रीय शक्ति संतुलन को बदल देगा.

CNN को दिए इंटरव्यू में पीएम नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने निजी तौर पर राष्ट्रपति ट्रंप से इस बिक्री को अपनी मंजूरी नहीं देने का अनुरोध किया है क्योंकि अमेरिका की ओर से यह संकेत दिया गया कि वह अपने पहले कार्यकाल के दौरान लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने पर विचार कर रहे हैं. नेतन्याहू ने कहा, “अमेरिका के सबसे आधुनिक फाइटर एयरक्राफ्ट के खरीदने मात्र से तुर्की अमेरिका का मित्र देश नहीं हो जाएगा.”

क्यों डील का विरोध कर रहे PM नेतन्याहू

तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अंकारा एक ऐसी सरकार है जो ‘मुस्लिम ब्रदरहुड’ से प्रभावित है और अमेरिका से नफरत भी करती है. इजराइली पीएम ने कहा, “वह अमेरिका का आदर्श सहयोगी भी नहीं है.”

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा, “वह मेरे देश, यानी एकमात्र यहूदी देश को बर्बाद करने की धमकी दे रहा है.” नेतन्याहू ने आगाह भी किया कि तुर्की को ये विमान देने से इलाके में बड़े नतीजे सामने आ सकते हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने सीधे तौर पर ट्रंप से गुजारिश की है कि वे तुर्की को फाइटर जेट न बेचें, क्योंकि ऐसा करने से “मध्य पूर्व में ताकत का संतुलन बिगड़ जाएगा.”

तुर्की हमारे लिए कहीं अधिक वफादारः ट्रंप

अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह बात तब सामने आई जब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन जल्द ही तय करेगा कि कांग्रेस की रोक के बावजूद तुर्की को F-35 फाइटर जेट बेचे जाएं या नहीं. साथ ही, उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अंकारा की ओर से रूसी S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने पर लगाए गए प्रतिबंध हटा लिए जाएंगे.

तुर्की को फाइटर जेट दिए जाने को लेकर ट्रंप ने कहा, “तुर्की के साथ हमारे संबंध बेहतर रहे हैं, और तुर्की कई मामलों में उन देशों की तुलना में कहीं अधिक वफादार रहा है जिनके बारे में हमें लगता था कि वे वफादार होंगे.” उन्होंने यह तर्क भी दिया कि कई लोगों का मानना ​​है कि रूसी S-400 सिस्टम खरीदने के बावजूद तुर्की को F-35 खरीदने की इजाजत दी जानी चाहिए.

F-35 जेट को “अब तक का सबसे बेहतरीन जेट” करार देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि प्रस्तावित बिक्री “निश्चित रूप से ऐसी चीज है जिस पर हम विचार करेंगे.” CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन ने संकेत दिया कि अंकारा को लगता है कि वह अमेरिकी F-35 फाइटर जेट और तुर्की के अपने KAAN फाइटर एयरक्राफ्ट के लिए अमेरिकी इंजन खरीदने की डील के करीब है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.