भिवंडी में बड़ा हादसा: चार मंजिला इमारत ढही, 6 की मौत; मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका
Webdunia Hindi July 31, 2026 02:42 PM

महाराष्ट्र के पावरलूम शहर भिवंडी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। भिवंडी के बालाजी नगर (नारपोली) इलाके के भंडारी कंपाउंड में स्थित एक चार मंजिला पुरानी कोहिनूर इमारत गुरुवार रात करीब 11:30 बजे अचानक भरभराकर ढह गई। इस भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 से 8 लोगों के अभी भी मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।  ALSO READ: Top News 31 July: ITR भरने की आखिरी तारीख आज, 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, भिवंडी हादसा समेत 5 बड़ी खबरें

 

पहले ही दी गई थी चेतावनी, चल रहा था मरम्मत का काम

 

स्थानीय प्रशासन और महानगर पालिका (BNCMC) के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह चार मंजिला कोहिनूर इमारत बेहद जर्जर हो चुकी थी और इसे पहले ही 'सी' श्रेणी में रखा गया था। पालिक द्वारा इमारत को खाली करने के सख्त आदेश दिए जा चुके थे, जिसके चलते ज्यादातर परिवार पहले ही इसे छोड़कर जा चुके थे।

 

हालांकि, हादसे के वक्त इमारत के भीतर कुछ लोग और एक परिवार अंदर रहकर मरम्मत का काम करवा रहा था। रात के वक्त अचानक इमारत का 'बी' विंग ढह गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

 

युद्धस्तर पर राहत और बचाव जारी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग (Fire Brigade) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।

 

बचाव कार्य: एनडीआरएफ की टीम ने अब तक कड़ी मशक्कत के बाद एक महिला को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया है, जिसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है।

 

आश्रय स्थल: बीएनसीएमसी के मेयर नारायण चौधरी ने बताया कि सुरक्षित बचाए गए अन्य लोगों को फिलहाल पास के गायत्री मंदिर-गीता हॉल में ठहराया गया है। मलबे में फंसे बाकी लोगों को बाहर निकालने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों की मदद ली जा रही है।

 

प्रशासनिक बयान और अपील

 

भिवंडी पश्चिम के विधायक महेश चौगुले ने मौके का जायजा लेते हुए बताया कि पालिक की पूरी टीम राहत कार्य में जुटी हुई है और मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास कड़ा सुरक्षा घेरा बना दिया है और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा न डालें।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.