दतिया उपचुनाव: रिजल्ट से पहले कांग्रेस का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पार्टी से सस्पेंड
TV9 Bharatvarsh August 03, 2026 07:42 AM

दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों से ठीक पहले कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के खिलाफ कार्रवाई की है. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है. बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने 30 जुलाई को मतदान के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत वरिष्ठ नेताओं को लिखित शिकायत की थी.

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने आरोप लगाया था कि राजेंद्र भारती ने चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया. शिकायत के बाद प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने निलंबन की कार्रवाई की.

पूर्व विधायक राजेंद्र भारती कांग्रेस से निलंबित

मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के आज (सोमवार) घोषित होने वाले परिणाम से पहले कांग्रेस ने रविवार रात पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया. राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता खत्म होने के कारण ही दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी थी.

राजेंद्र भारती को तीन साल के कारावास की सजा

राजेंद्र भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक मतों से हराया था. दिल्ली की एक कोर्ट ने इसी साल अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल के कारावास की सजा सुनाई थी. इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा.

राजेंद्र भारती से हार गए थे नरोत्तम मिश्रा

कांग्रेस ने उपचुनाव में घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है और उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के आशुतोष तिवारी, आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव और 19 अन्य उम्मीदवारों से है. बीजेपी ने इस बार पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया, जिन्हें 2023 के विधानसभा चुनाव में भारती के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.

कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित राजेंद्र भारती

कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाता है. कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेंद्र भारती ने कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता और वह अगले विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाएंगे.

नरोत्तम मिश्रा पर षड्यंत्र का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा का षड्यंत्र है और कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ा. राजेंद्र भारती ने कहा कि उनका संघर्ष हमेशा नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ रहा है और आगे भी जारी रहेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.