अक्षय कुमार ने डेढ़ साल फ्री में की थी नौकरी, वेटर और शेफ रहे, जानें खास बातें
संदीप मेहरा September 09, 2026 10:12 PM

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अक्षय कुमार एक साल में आसानी से चार से पांच फिल्में लेकर आते हैं. बीते 35 सालों से वो इंडस्ट्री में बतौर लीड एक्टर काम कर रहे हैं और दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुके हैं. 1991 में शुरू हुआ उनका सफर आज तक जारी है. एक्टर आज अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं. अक्षय उन एक्टर्स में शामिल हैं जिन्होंने हर जॉनर की फिल्मों में काम किया और सभी में सफलता हासिल की.

बॉलीवुड में शुरुआती दौर में एक्शन स्टार के रूप में अपनी छाप छोड़ने वाले अक्षय ने बाद में अपनी दमदार अदाकारी से भी हर किसी का दिल जीता. जबकि उन्हें लोगों ने रोमांटिक किरदारों में भी खूब पसंद किया. हालांकि उनके लिए ये सफर आसान नहीं रहा. बॉलीवुड में आने से पहले उन्होंने कई तरह के काम किए थे. वहीं अपना मॉडलिंग पोर्टफोलियो बनाने के लिए सुपरस्टार ने एक फोटोग्राफर के यहां डेढ़ साल तक बिना पैसे लिए नौकरी भी की थी.

इस फिल्म के बाद बदला था नाम

अक्षय कुमार का जन्म हरिओम भाटिया और अरुणा भाटिया के घर अमृतसर में 9 सितंबर 1967 को हुआ था. पैरेंट्स ने अपने बेटे को राजीव नाम दिया था. अक्षय का असली नाम राजीव भाटिया है. बॉलीवुड में बतौर एक्टर अपनी शुरुआत करने से पहले अक्षय ने साल 1987 की 'आज' में काम किया था.

इस फिल्म में अक्षय सिर्फ 10 सेकंड के लिए नजर आए थे. उनका किरदार एक कराटे इंस्ट्रक्टर का था. इसमें लीड रोल संजय दत्त के जीजा और एक्टर कुमार गौरव ने निभाया था. इसमें गौरव के किरदार का नाम अक्षय था. इसके बाद अक्षय ने अपना नाम राजीव भाटिया से बदलकर अक्षय कुमार रख लिया था. 

ये भी पढ़ें: 10 की उम्र में शुरू किया गाना, 16 की उम्र में भागकर की शादी, किस्से आशा भोसले के

बॉलीवुड में आने से पहले किए छोटे-मोटे काम

बॉलीवुड में बतौर एक्टर अपनी शुरुआत करने से पहले अक्षय ने भारत के अलावा बैंकॉक में रहते हुए भी वेटर और शेफ का काम किया था. वहीं अक्षय ने जूलरी बेचने के काम के अलावा ट्रेवल एजेंसी में भी काम किया था. जबकि मार्शल आर्ट में महारत रखने वाले अक्षय स्टूडेंट्स को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग भी दिया करते थे.

डेढ़ साल तक फ्री में की लाइटमैन की नौकरी

अक्षय जब मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देते थे तब किसी ने उनकी कद-काठी को देखने के बाद उन्हें हीरो बनने की सलाह दी थी. इसके बाद अक्षय ने मॉडलिंग शुरू की. हालांकि उनका पोर्टफोलियो तैयार नहीं था. ऐसे में अक्षय ने मशहूर फोटोग्राफर जयेश सेठ के यहां डेढ़ साल तक बिना सैलरी के लाइटमैन का काम किया था. इस दौरान उन्होंने अपना पोर्टफ़ोलियो तैयार करवा लिया था.

'सौगंध' से डेब्यू, 'मोहरा' से मिला स्टारडम

अक्षय कुमार ने बॉलीवुड में बतौर लीड एक्टर अपनी शुरुआत साल 1991 की फिल्म 'सौगंध' से की थी. हालांकि ये फिल्म ज्यादा पसंद नहीं की गई. इंडस्ट्री में अक्षय को पहला बड़ा स्टारडम फिल्म 'मोहरा' से मिला था. साल 1994 की ये मूवी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी.

अक्षय को मिला 'खिलाड़ी' का टैग

अक्षय कुमार को इंडस्ट्री में और फैंस प्यार से खिलाड़ी भी कहते हैं. अक्षय ने साल 1992 की फिल्म 'खिलाड़ी' में काम किया था जो सफल रही. इसके बाद एक्टर ने 'मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी', 'इंटरनेशनल खिलाड़ी', 'खिलाड़ी 420', 'खिलाड़ी 786', 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' और 'सबसे बड़ा खिलाड़ी' जैसी खिलाड़ी सीरीज की फिल्में भी कीं. इसकी बदौलत वो खिलाड़ी कहलाए.

शिल्पा-रवीना से रहा अफेयर

मोहरा की शूटिंग के दौरान अक्षय और रवीना ने एक दूसरे को डेट करना शुरू किया था. दोनों सगाई भी कर चुके थे, लेकिन फिर उनका रिश्ता टूट गया. इसके बाद 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' के दौरान अक्षय ने शिल्पा को डेट करना शुरू किया था. हालांकि ये रिश्ता भी ज्यादा नहीं चल पाया.

ट्विंकल से की शादी, प्रियंका से भी जुड़ा नाम 

अक्षय कुमार ने बाद में ट्विंकल खन्ना को डेट किया था और फिर जनवरी 2001 में उनसे शादी कर ली थी. अब दोनों की एक बेटी नितारा और एक बेटा आरव कुमार हैं. बता दें कि शादीशुदा होने के बाद भी अक्षय का नाम प्रियंका चोपड़ा से फिल्म 'वक्त' (2005) की शूटिंग के दौरान जुड़ा था. हालांकि अक्षय ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को देखते हुए इस रिश्ते से खुद को जल्द ही दूर कर लिया था. 

ये हैं अक्षय की टॉप बेहतरीन फिल्में

अक्षय कुमार अपने 35 साल से ज्यादा के बॉलीवुड करियर में 150 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं. उनकी सबसे बेतरीन फिल्मों में 'खिलाड़ी', 'मोहरा', 'जानवर', 'हेरा फेरी', 'धड़कन', 'गरम मसाला', 'वेलकम', 'केसरी', 'टॉयलेट', 'मिशन मंगल', 'गुड न्यूज', 'सूर्यवंशी', 'भूत बंगला', 'भूल भुलैया', 'बेबी', 'राउडी राठौर' और 'मुझसे शादी करोगी' अदि शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: 20 साल बाद बनेगी अभिषेक-रानी की जोड़ी? 'किंग' में काम करने पर आया बड़ा अपडेट

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.