Weather Update : देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच अब मानसून सक्रिय हो गया है और तेज बारिश की संभावना है।दिल्ली समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किए गए हैं।देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अब अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली,हरियाणा और पंजाब के कुछ क्षेत्रों में इसकी दस्तक की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार 20 से 25 जून के बीच दिल्ली,हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
वहीं,झारखंड,बिहार,ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अति भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।मुंबई समेत महाराष्ट्र के कोकण क्षेत्र में भी तेज बारिश की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।देश के पूर्व,पश्चिम,उत्तर और उत्तर-पूर्वी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने के आसार हैं।
22 से 25 जून के बीच उत्तराखंड,जम्मू-कश्मीर,लद्दाख और मुजफ्फराबाद में भी तेज बारिश की संभावना है।साथ ही तटीय कर्नाटक,आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।इसके अतिरिक्त नगालैंड,मणिपुर,मिजोरम और त्रिपुरा समेत मध्य भारत के हिस्सों में भी भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
अरुणाचल प्रदेश,असम,मेघालय,बिहार,राजस्थान,गुजरात,मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट भारी वर्षा होने के आसार हैं।वहीं अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (40–50 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है।बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ क्षेत्रों में भी 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात, मराठवाड़ा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और विदर्भ में भी गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में मौसम गर्म और आर्द्र बना रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकतर स्थानों में आज दिन की शुरूआत बारिश के साथ हुई है।मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही मानसून के प्रदेश में पहुंचने की उम्मीद है।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।