बंद स्कूल, खाली पद और बदहाल किसान…विधानसभा सत्र से पहले अखिलेश का बड़ा हमला, कहा- सदन में घिरेगी सरकार
TV9 Bharatvarsh August 02, 2026 06:43 PM

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र कल (सोमवार, 3 अगस्त) से शुरू हो रहा है. ऐसे में समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है. पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने MSP, शिक्षा, सरकारी स्कूलों की बंदी, नौकरी, आरक्षण, पेपर लीक, E20, एक्सप्रेस वे के निर्माण में भ्रष्टाचार, राम मंदिर चढ़ावा चोरी, शिक्षकों के खाली पद, जौहर विश्वविद्यालय समेत कई मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई है.

सत्र शुरू होने से एक दिन पहले (रविवार, 2 अगस्त) को अखिलेश ने राजधानी लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कल से विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है, हमारे विधायक तमाम मुद्दे उठाएंगे. उन्होंने कहा कि सरकार के लोग विधानसभा को फेस ही नहीं करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि किसानों की बदहाली, खाद की किल्लत को लेकर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि पहले बोरी की चोरी होती थी अब खाद की पूरी बोरी ही चोरी हो गई.

‘ 26000 कम हो गए हैं’

अखिलेश यादव ने कहा कि जो यूनिवर्सिटी नहीं बना पाए वो यूनिवर्सिटी पर हथौड़ा चलाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि शुरू से ही जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर सरकार के इरादे और मकसद सही नहीं रहे हैं. वो यूनिवर्सिटी पर कड़ी कार्रवाई करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी के दस साल के शासन में 26386 स्कूल बंद हुए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में बंद हुए स्कूलों का मुद्दा सदन में उठाएगी. उन्होंने कहा कि जब यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार थी उस समय 1,13,938 स्कूल थे. वहीं अब 2026 में 26000 कम हो गए हैं.

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी की प्रेस वार्ता – 02/08/2026 https://t.co/WsT146x6Mt

— Samajwadi Party (@samajwadiparty) August 2, 2026

‘पीएम के संसदीय क्षेत्र में भी स्कूल बंद किए गए’

सपा प्रमुख ने बताया कि सबसे ज़्यादा प्राइमरी स्कूल लखीमपुर खीरी में हुए हैं. गोरखपुर में 500 प्राइमरी स्कूल बंद हुए हैं. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में भी स्कूल बंद किए गए हैं.उन्होंने कहा कि जब उनकी पार्टी ने आंकड़े निकालने शुरू किए को योगी सरकार ने सरकारी वेबसाइट को बंद कर दिया है.

‘PDA समाज को शिक्षित नहीं होने देना चाहती सरकार’

अखिलेश ने कहा कि सरकार का मकसद साफ है कि PDA समाज को शिक्षित नहीं होने दिया जाए. उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में किस वर्ग के छात्र पढ़ते हैं ये सरकारी आंकड़े ही बताते हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी प्राइमरी स्कूल में 2017 तक 1 करोड़ 17 लाख बच्चे पढ़ रहे थे, आज 2026 में 89 लाख के करीब रह गए हैं. उन्होंने कहा कि 28 लाख बच्चे कम हो गए हैं. 25 लाख OBC, SC, ST बच्चे घट गए हैं. उन्होंने कहा कि ये सरकारी आंकड़े हैं.

‘शिक्षकों की संख्या में आई कमी’

शिक्षकों के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि 2017 में 4 लाख शिक्षक थे वहीं आज घट कर इनकी संख्या 3 लाख 40 हजार रह गई है. उन्होंने कहा कि भर्ती करना तो दूर सरकारी आंकड़े बताते हैं कि 1 लाख 40 हजार पद खाली पड़े हैं. उन्होंने कहा कि पहले स्कूलों में 61 लाख बेटियां पढ़ रही थीं, वहीं अब 45 लाख हो गई हैं.

‘2300 स्कूलों में लड़कियों के लिए टॉयलेट नहीं’

स्कूलों के हालात पर उन्होंने कहा कि यूपी के 7000 स्कूलों में बिजली नहीं है. 2300 स्कूलों में लड़कियों के लिए टॉयलेट नहीं हैं. वहीं 576 स्कूलों में पीने का पानी उपलब्ध नहीं है. उन्होंने बताया कि 23000 स्कूलों में कोई कंप्यूटर नहीं है. उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी विधायक मिल कर ये मुद्दे उठाएंगे. 2026 में 26000 स्कूल बंद पर सपा ने एक बुकलेट भी जारी की है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एकमात्र संकट भारतीय जनता पार्टी है. अगर बीजेपी को हटा दिया जाए, तो सारे संकट हल हो जाएंगे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.